रीवा :जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के खैरा गांव से दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज 6 महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक खैरा गांव की अनामिका की शादी 6 माह पूर्व समीर नामक युवक से हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार धूमधाम से शादी की थी।
पिता का आरोप – 4 लाख के लिए मार दिया
मृतका के पिता ने बताया कि शादी तय होने के समय 10 लाख रुपये देने का बाउंड तय हुआ था। जिसमें से 6 लाख रुपये उन्होंने शादी के समय ही दे दिए थे। आरोप है कि बाकी बचे 4 लाख रुपये के लिए ससुराल पक्ष लगातार अनामिका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
शुक्रवार सुबह अनामिका की मौत की खबर आते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। पिता ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसे 4 लाख के लालच में ससुराल वालों ने मार डाला है। सूचना पर पहुंची चोरहटा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
