इंदौर: अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत इंदौर में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में प्रशासनिक टीम लगातार शहर में सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है.इसी क्रम में आज शहर के मध्य स्थित महाराजा कॉम्प्लेक्स में खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान एक दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भारी भंडारण पाया. जांच में सामने आया कि दुकान में सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए करीब 25 गैस सिलेंडर रखे गए थे, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 25 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए.
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त दुकान किसके कब्जे में थी, क्योंकि यह दुकान अभी तक किसी को विधिवत आवंटित ही नहीं की गई है. चौंकाने वाली बात यह है कि नगर निगम अधिकारियों को भी अब तक यह जानकारी नहीं है कि दुकान पर किसने कब्जा किया था और यह कब्जा कब से किया गया है.
जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन और नगर निगम दोनों ही स्तर पर अब इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध रूप से रखे गए सिलेंडरों का वास्तविक मालिक कौन है और दुकान पर कब्जा किसके द्वारा किया गया था. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके.
