नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से राहत की उम्मीद के बीच एक बार फिर हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। GRAP-3 की पाबंदियां हटने के महज दो दिन बाद दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बढ़कर 286 पहुंच गया है। पिछले आंकड़ों के मुकाबले इसमें करीब 50 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या राजधानी में प्रदूषण का स्तर वास्तव में कम हुआ है या फिर पाबंदियां हटने के बाद हालात दोबारा बिगड़ने लगे हैं?
*हवा की कम रफ्तार बढ़ा रही परेशानी*
विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह हवा की धीमी गति है। पिछले कई दिनों से हवा करीब 5 से 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं और उन्हें फैलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पा रहा है। आने वाले दिनों में भी हवा की रफ्तार कम रहने की आशंका है, जिससे प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ सकती है।
*AIIMS में AQI 354, कई इलाकों में हालात खराब*
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। AIIMS में AQI 354 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इसके अलावा चांदनी चौक में 344, बवाना में 322, IIT दिल्ली में 313, वजीरपुर में 299 और एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 282 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक 232 रहा।
*GRAP-3 हटने के बाद निर्माण कार्यों से बढ़ सकती है धूल*
GRAP-3 की पाबंदियां हटने के बाद निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों पर लगी रोक भी हट गई है। ऐसे में निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से धूल और PM10 प्रदूषक का स्तर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP-1 और GRAP-2 के प्रतिबंध अभी लागू हैं।
*ठंड और धीमी हवा बढ़ा सकती है प्रदूषण*
दिल्ली में PM2.5 और PM10 का बढ़ता स्तर भी चिंता का विषय बना हुआ है। ठंड बढ़ने और हवा की रफ्तार कम रहने से प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। इसका असर आम लोगों की सेहत पर पड़ने की आशंका है।
ऐसे में GRAP-3 हटाने के फैसले और दिल्ली की मौजूदा वायु गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या राजधानी में प्रदूषण पर नियंत्रण के बाद पाबंदियां हटाई गईं या हालात का आकलन जल्दबाजी में किया गया? अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा कितनी साफ होती है और लोगों को प्रदूषण से वास्तविक राहत कब मिलती है।
