अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की उम्मीद में सेंसेक्स 753 अंक चढ़ा

मुंबई, 21 मार्च (वार्ता) अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप मिलने की उम्मीद में मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 753.03 अंक (0.96 प्रतिशत) चढ़कर 79,273.33 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 211.75 अंक यानी 0.87 प्रतिशत ऊपर 24,576.60 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 05 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है। अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए आगे की वार्ता के उद्देश्य से भारतीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका गया है। निवेशकों को उम्मीद है कि इस समझौते के लागू होने से दोनों देशों के लिए नये अवसर खुलेंगे और द्विपक्षीय व्यापार बढ़ेगा। बाजार में लिवाली चौतरफा रही और निवेशकों ने मझौली तथा छोटी कंपनियों में भी विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.47 प्रतिशत औऱ स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.88 प्रतिशत चढ़ा।

फार्मा और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों की हल्की गिरावट को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक ऊपर रहे। एफएमसीजी समूह का सूचकांक ढाई प्रतिशत, रियलटी का दो प्रतिशत और निजी बैंकिंग समूह का डेढ़ फीसदी ऊपर बंद हुआ। वित्त, मीडिया, सार्वजनिक बैंकिंग, आईटी और रसायन समूहों के सूचकांक भी मजबूती में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट का शेयर साढ़े तीन प्रतिशत से अधिक चढ़ा। हिंदुस्तान यूनीलिवर में भी तीन फीसदी से अधिक की तेजी रही। आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक के शेयर दो से ढाई प्रतिशत तक मजबूत हुए। इटरनल, एक्सिस बैंक, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टीसीएस, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर एक से दो प्रतिशत की बढ़त में रहे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे। बीईएल का शेयर सवा फीसदी से अधिक टूट गया। टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी और पावरग्रिड में भी गिरावट रही।

Next Post

वर्तमान परिस्थितियों में मल्टी-एसेट में करें निवेश: बजाज फिनसर्व एएमसी

Tue Apr 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के बीच बजाज फिनसर्व एएमसी ने निवेशकों को एक ही तरह की परिसंपत्तियों की बजाय विविध परिसंपत्तियों (मल्टी-एसेट) में निवेश की सलाह दी है। बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट के प्रमुख (इक्विटी) सौरभ गुप्ता ने कहा कि इस माहौल में लार्ज-कैप इक्विटी आकर्षक […]

You May Like

मनोरंजन