सीधी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में रीवा लोकायुक्त की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उप तहसील हनुमानगढ़ में पदस्थ एक लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक बुजुर्ग किसान से जमीन संबंधी आदेश का क्रियान्वयन रुकवाने के बदले 15 हजार रुपये मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरछ निवासी 57 वर्षीय हीरालाल कोल ने 18 नवंबर को रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि नायब तहसीलदार वृत्त हनुमानगढ़ कार्यालय में पदस्थ लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान कलेक्टर द्वारा जारी जमीन संबंधी आदेश का क्रियान्वयन रुकवाने के एवज में उनसे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

*शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल*

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार, 19 नवंबर को योजना के तहत आवेदक हीरालाल कोल 10 हजार रुपये लेकर उप तहसील हनुमानगढ़ पहुंचे।

आरोप है कि जैसे ही लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत के 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।

*भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज*

लोकायक्त पुलिस ने आरोपी लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस ट्रैप कार्रवाई को निरीक्षक एस. राम मरावी और निरीक्षक संदीप सिंह भदोरिया के नेतृत्व में रीवा लोकायुक्त कार्यालय की टीम ने अंजाम दिया।

Next Post

कानपुर में बेटे के सामने पिता की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम

Thu Nov 19 , 2026
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय बाइक सवार रामकुमार की मौत हो गई। हादसे के समय उनके साथ बाइक पर उनका 16 वर्षीय छोटा बेटा राजेश भी मौजूद था, जो सुरक्षित बच गया। घटना सजेती थाना क्षेत्र के एनएच-35 पर […]

You May Like