कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय बाइक सवार रामकुमार की मौत हो गई। हादसे के समय उनके साथ बाइक पर उनका 16 वर्षीय छोटा बेटा राजेश भी मौजूद था, जो सुरक्षित बच गया। घटना सजेती थाना क्षेत्र के एनएच-35 पर रामपुर मोहटा रोड की है। जानकारी के मुताबिक, रामपुर गांव निवासी रामकुमार पुत्र राजाराम अपने बेटे के साथ आनूपुर मोड़ से इलाज कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहटा मोड़ के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ी की बल्लियां और सूखी कंटीली झाड़ियां डालकर रास्ता बंद कर दिया और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची सजेती पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की पहचान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
पुलिस ने रामकुमार के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है। मृतक के परिवार में दो बेटे अनिल और राजेश तथा एक बेटी लक्ष्मी है। पिता की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
