बुंदेलखंड के गांवों से गुजरी दिग्विजय सिंह की यात्रा

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा गुरुवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के विभिन्न गांवों से होकर आगे बढ़ी। यात्रा ने अपने 26वें दिन का सफर पूरा किया।

पदयात्रा की शुरुआत राजघाट डैम चौराहे से हुई। इसके बाद यात्रा रानीपुरा, मैलार और लगौन होते हुए तिगड्डा स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंची। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने यात्रियों का स्वागत किया। दोपहर में भोजन और विश्राम के बाद यात्रा सिवों कलां, खासुआ और बिनेका माफी होते हुए खिरिया गांव पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल लोग रात को काला पहाड़ स्थित बुंदेला बंधु फार्म हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कथित वोट चोरी और चंदे के दुरुपयोग के मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। उन्होंने ईवीएम के स्थान पर मतपत्रों से चुनाव कराने तथा दोषियों को कड़ी सजा देने की भी मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के वोट की पवित्रता उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं की आस्था और उनके द्वारा दिए गए दान की पवित्रता। राजनीतिक प्रभाव या पद के कारण किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि यह यात्रा 20 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य सामाजिक सद्भाव, पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश देना है।

Next Post

बिछड़ों को अपनों से मिलाने की मुहिम, युवाओं से जुड़ा ‘ऑपरेशन हमदर्द

Thu Nov 19 , 2026
ग्वालियर। रेलवे स्टेशनों पर भटकते, अपनों से बिछड़े और बेसहारा लोगों को सहारा देने की रेल पुलिस की मुहिम ‘ऑपरेशन हमदर्द’ गुरुवार को जीवाजी विश्वविद्यालय के मल्टी आर्ट सभागार पहुंची। यहां विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ते हुए जरूरतमंदों की पहचान, सुरक्षा, परिवार से पुनर्मिलन और पुनर्वास में […]

You May Like