खंडवा। जिला चिकित्सालय खंडवा में चिकित्सकों ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की स्तन कैंसर की सफल सर्जरी की है। महिला को आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क उपचार का लाभ मिला। जिले के ग्राम बमनगांव निवासी श्रीमती कला बाई पति बाबूलाल लंबे समय से स्तन कैंसर की गांठ से पीड़ित थीं। परिजनों द्वारा उन्हें जिला चिकित्सालय खंडवा लाया गया। यहां सर्जन डॉ. मुबारक सैयद ने उनकी उम्र और बीमारी की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सोनोग्राफी और अन्य आवश्यक जांचें करवाई। स्थिति नाजुक होने के कारण चिकित्सकों की टीम ने तुरंत सर्जरी करने का निर्णय लिया। जटिल प्रक्रिया के बाद डॉ. सैयद व उनकी टीम ने सफलतापूर्वक कैंसर की गांठ को शरीर से बाहर निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद कला बाई की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और पूरी तरह स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जिला अस्पताल में पहली सफल कैंसर सर्जरी- सर्जन डॉ. मुबारक सैयद ने बताया कि जिला चिकित्सालय में इस तरह की यह पहली और सफल कैंसर सर्जरी है। पहले ऐसे गंभीर ऑपरेशनों के लिए स्थानीय मरीजों को इंदौर या भोपाल जैसे बड़े शहरों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता था। अब जिला अस्पताल में ही यह सुविधा मिलने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। श्रीमती कला बाई के पति श्री बाबूलाल ने जिला अस्पताल के चिकित्सक व स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत उन्हें अस्पताल में सभी दवाइयां, जांचें और ऑपरेशन की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क प्राप्त हुई, जिससे उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
