नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं और चीनी में भी तेजी रही। खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत चार रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,847 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं भी 10 रुपये महंगा होकर 2,780 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। आटे का भाव पांच रुपये बढ़कर 3,270 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।
सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 33 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। उड़़द दाल 15 रुपये और चना दाल तीन रुपये सस्ती हुई। मसूर दाल का भाव 23 रुपये और मूंग दाल का नौ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया।
बीते सप्ताह सरसों तेल की औसत कीमत 57 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गयी जबकि अन्य खाद्य तेलों में तेजी रही। मूंगफली तेल 109 रुपये और सोया तेल 61 रुपये महंगा हुआ। वनस्पति का भाव 58 रुपये और पाम ऑयल का 44 रुपये बढ़ा। सूरजमुखी तेल 37 रुपया प्रति क्विंटल मजबूत हुआ।
मीठे के बाजार में बीते सप्ताह गुड़ का औसत भाव 21 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी भी दो रुपये महंगी हुई।
