आरामदायक सफर और आधुनिक सुविधाएं, भोपाल की ई-बसों को दूसरे दिन भी मिला शानदार रिस्पॉन्स

भोपाल। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में शुरू की गई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा को लोगों का लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। संचालन के दूसरे दिन भी शहर के प्रमुख रूटों पर ई-बसों में यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। खासकर सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में बड़ी संख्या में लोग इन बसों से सफर करते नजर आए। यात्रियों का कहना है कि डीजल बसों की तुलना में ई-बसों का सफर ज्यादा शांत, आरामदायक और सुविधाजनक है।

हमारी टीम ने भी ई-बस में सफर कर इसका अनुभव लिया। यात्रा के दौरान बस में न शोर महसूस हुआ और न ही कंपन। एसी की ठंडक, साफ-सुथरा इंटीरियर और आरामदायक सीटों ने सफर को बेहतर बनाया। यात्रियों ने कहा कि अगर जल्द ही शहर के बाकी रूटों पर भी ऐसी बसें शुरू होती हैं, तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल और बढ़ेगा।

ई-बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इनमें हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, एलईडी डिस्प्ले, ऑनलाइन टिकट भुगतान की सुविधा और दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।

फिलहाल ई-बसें चिरायु अस्पताल से बैरागढ़ चिचली और चिरायु अस्पताल से रेलवे कोच फैक्ट्री जैसे प्रमुख रूटों पर संचालित हो रही हैं। पहले चरण में 100 ई-बसें भोपाल को मिलनी हैं, जिनमें से 21 बसें बैरागढ़ डिपो पहुंच चुकी हैं। आने वाले दिनों में और बसों के संचालन के साथ राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Next Post

सरकार ने 'प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना' को दी मंजूरी

Fri Jul 31 , 2026
नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) सरकार ने पांच हज़ार करोड़ करोड़ के बजटीय प्रावधान के साथ प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (पीएम- एसएसवाई) को मंजूरी दी है। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने […]

You May Like