स्टारलिंक विवाद के बीच यूक्रेन ने रूसी तेल रिफाइनरियों पर फिर किए हमले

कीव, 15 अक्टूबर (वार्ता) यूक्रेन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हमले रोकने की मांग के बावजूद रूसी तेल रिफाइनरियों पर फिर हमले किए हैं। इस बीच, उसकी सेना के लिए उपग्रह संचार सेवाओं पर लगाए गए प्रतिबंधों से वाशिंगटन के साथ तनाव बढ़ गया है।

एक्सियोस की एक रिपोर्ट में एक यूक्रेन के अधिकारी के हवाले से कहा गया कि यूक्रेन ने रात में एक रूसी रिफाइनरी को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि स्पेसएक्स की स्टारलिंक और अमेरिकी सरकार नियंत्रित स्टारशील्ड सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, स्टारलिंक पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा अब भी लागू है, जो कुछ सैन्य अभियानों के लिए अपर्याप्त है।

यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिबंधों से टोही और अवरोधक ड्रोन के संचालन, लंबी दूरी के हमलों तथा खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता प्रभावित हुई। यूक्रेन को रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमले की पूर्व चेतावनी भी नहीं मिली। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे तकनीकी खराबी बताया, जबकि यूक्रेनी अधिकारियों ने आशंका जताई कि इसका संबंध वाशिंगटन के दबाव से हो सकता है।

यूक्रेन को संदेह है कि श्री ट्रंप की रूसी तेल प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने की मांग मनवाने के लिए प्रतिबंध लगाए गए। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने हालांकि प्रशासन की संलिप्तता से इनकार किया है। एलन मस्क ने कहा कि स्टारशील्ड की परिचालन सीमाएं अमेरिकी सेना और अंततः श्री ट्रंप तय करते हैं, जबकि स्टारलिंक मुख्य रूप से नागरिक और रक्षात्मक इस्तेमाल के लिए है।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के वरिष्ठ सलाहकारों ने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से प्रतिबंधों और उन्हें हटाने के उपायों पर चर्चा की। यूक्रेन ने सीआईए और पेंटागन से भी संपर्क किया।

रिफाइनरी पर ताजा हमला रूस की ओर से यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर जारी हमलों के बीच हुआ है। ट्रंप ने रविवार को दोनों देशों के बीच ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने संबंधी सहमति की घोषणा की थी। जेलेंस्की ने कहा कि यह घोषणा उनके लिए अप्रत्याशित थी और रूस लगातार हमले कर रहा है।

श्री जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका अतिरिक्त पैट्रियट वायु रक्षा मिसाइलें उपलब्ध कराए तो कीव रूसी तेल प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने पर विचार कर सकता है। उपग्रह सेवाओं और तेल रिफाइनरियों को लेकर बढ़े विवाद ने यूक्रेन के लिए अमेरिकी समर्थन के भविष्य पर भी अनिश्चितता बढ़ा दी है।

 

 

Next Post

इस साल लाखों कामिकाजे ड्रोन तैनात करेगा अमेरिका: हेगसेथ

Thu Oct 15 , 2026
वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका इस साल एकतरफा हमले में इस्तेमाल होने वाली लाखों प्रणालियां (कामिकाज़े ड्रोन) तैनात करने और आने वाले वर्षों में इनका उत्पादन बढ़ाकर लाखों तक पहुंचाने की योजना बना रहा है। अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने यह जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका स्वायत्त […]

You May Like

Play sound