
छतरपुर। सड़कों पर भक्ति और मर्यादा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रीराम सेवा समिति द्वारा श्रीराम जन्मोत्सव की तैयारियों के तहत भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई, जिसने अपनी सादगी और आध्यात्मिक माहौल से शहरवासियों का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि यात्रा पूरी तरह बिना डीजे के निकाली गई, जिससे ध्वनि प्रदूषण से दूर रहकर पारंपरिक तरीके से भक्ति का संदेश दिया गया।
ध्वज यात्रा गांधी चौक बाजार से शुरू होकर हटवारा, मऊदरवाजा, बस स्टैंड और जवाहर रोड होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रामभक्तों का स्वागत किया और “जय श्रीराम” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। तेज शोर की जगह ढोल-नगाड़ों की थाप, शंखनाद और मधुर राम भजनों की धुन सुनाई देती रही।
यात्रा का समापन हनुमान टौरिया मंदिर में हुआ, जहां हनुमान टौरिया सेवा समिति ने रामभक्तों का चंदन तिलक और फूलों से स्वागत किया। मंदिर परिसर में धर्म ध्वज का विधि-विधान से पूजन कर भगवान हनुमान से श्रीराम जन्मोत्सव की सफलता का आशीर्वाद मांगा गया।
