बिछड़ों को अपनों से मिलाने की मुहिम, युवाओं से जुड़ा ‘ऑपरेशन हमदर्द

ग्वालियर। रेलवे स्टेशनों पर भटकते, अपनों से बिछड़े और बेसहारा लोगों को सहारा देने की रेल पुलिस की मुहिम ‘ऑपरेशन हमदर्द’ गुरुवार को जीवाजी विश्वविद्यालय के मल्टी आर्ट सभागार पहुंची। यहां विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ते हुए जरूरतमंदों की पहचान, सुरक्षा, परिवार से पुनर्मिलन और पुनर्वास में समाज की भूमिका बताई गई। कार्यक्रम में हमदर्द ऑपरेशन हमदर्द पत्रिका का विमोचन किया गया साथ में एक कार्यक्रम से संबंधित शो रील का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल पुलिस के स्पेशल डीजी राजा बाबू सिंह ने युवाओं से इस मानवीय पहल का हिस्सा बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद कर समाज में संवेदनशीलता जगाना भी है। युवाओं को केवल जेन-जी बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि जेन विजनरी बनकर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने की। अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. विवेक बापट, जीआरपी डीएसपी कीर्ति नरवरिया सहित रेल पुलिस के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने बिछड़े और बेसहारा लोगों की मदद के लिए आगे आने का संकल्प लिया।

*किसने क्या कहा ‘ऑपरेशन हमदर्द’ पर*

राजा बाबू सिंह, स्पेशल डीजी, रेल पुलिस-

ऑपरेशन हमदर्द के जरिए मध्यप्रदेश जीआरपी ने संवेदनशील पुलिसिंग की नई मिसाल पेश की है। युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की गई है। जीवाजी विश्वविद्यालय में इस श्रृंखला का पांचवां कार्यक्रम आयोजित हुआ। युवाओं को केवल जेन-जी नहीं, बल्कि जेन विजनरी बनकर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, कुलगुरु, जीवाजी विश्वविद्यालय-

विश्वविद्यालय अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत जीआरपी के साथ मिलकर ऑपरेशन हमदर्द को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करेगा। युवाओं की भागीदारी से इस अभियान को जागरूकता से आगे बढ़ाकर जमीन पर उतारा जाएगा। विश्वविद्यालय साइबर सुरक्षा, फॉरेंसिक तकनीक और डिजिटल मीडिया से जुड़े नए कार्यक्रम भी शुरू करेगा, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से सक्षम बनाया जा सके।

दीपशिखा तोमर, टीआई, रेलवे पुलिस-

स्पेशल डीजी राजा बाबू सिंह के निर्देशन में 1 जुलाई 2026 से एक माह तक ऑपरेशन हमदर्द चलाया गया था। इसमें घर से बिछड़ी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षा, आश्रय और भावनात्मक सहयोग देकर उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। जनवरी में भी एक माह का अभियान चलाया जाएगा, जिसमें निराश्रित और बिछड़े लोगों को आश्रय दिलाने तथा परिवार से मिलाने पर विशेष ध्यान रहेगा।

अंकित दास बैरागी, मध्यप्रदेश पुलिस-

रेलवे स्टेशनों पर परिवार से बिछड़े और भटक रहे लोगों, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की मदद कर उन्हें अपनों से मिलाना ऑपरेशन हमदर्द का उद्देश्य है। यह पुलिस की मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी पहल है। विश्वविद्यालय में कार्यक्रम के जरिए युवाओं को जरूरतमंदों की मदद के लिए जागरूक किया गया।

तनु सिंह, छात्रा, बीआईएसएम कॉलेज-

ऑपरेशन हमदर्द से समाज की उन समस्याओं को करीब से समझने का अवसर मिला, जिनसे युवा अक्सर अनजान रहते हैं। बिछड़े बच्चों को परिवार से मिलाने और बेसहारा बुजुर्गों को आश्रय दिलाने की यह पहल बेहद सराहनीय है। इससे जरूरतमंदों को नई उम्मीद मिलने के साथ युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी जागृत होता है।

Next Post

जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार को पांढुरना के ग्राम भंदारगोंदी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में होंगे शामिल

Thu Nov 19 , 2026
पांढुरना, मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार, 20 नवंबर को पांढुरना जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्राम भंदारगोंदी में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को ऊर्जा मंत्री प्रातः […]

You May Like