
दमोह। मगरोन थाना क्षेत्र के भिलोनी गांव में शुक्रवार को एक 47 वर्षीय व्यक्ति पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले में घायल को पहले हटा अस्पताल ले जाया गया, जहां से शुक्रवार-शनिवार की रात उसे गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।
भिलोनी निवासी हरिगोविंद पिता लोकमन पटेल उम्र 47 वर्ष ने बताया कि वह सब्जी लेने गया था। तभी गांव के ही भजन, भूपेंद्र और उनकी मां ने बेवजह विवाद करते हुए उससे मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर उस पर हमला कर गले में कुल्हाड़ी मार दी।हमले के बाद घायल की हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल घायल दमोह जिला अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
