
ग्वालियर। शहर के प्राचीन अचलेश्वर महादेव मंदिर में आज शुक्रवार को दान पेटियां खोली गईं। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई राशि की गणना की गई, जिसमें पांच चांदी के सिक्के और अन्य चांदी की वस्तुएं भी मिलीं।
ट्रस्ट के प्रबंधक राजेश परासर ने बताया कि आज मंदिर परिसर में विभिन्न पदाधिकारियों की उपस्थिति में दान पेटियां खोली गईं। दान राशि की गिनती पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
गणना के दौरान 500, 200, 100, 50, 20, 10 और 5 रुपए के नोटों का विस्तृत विवरण तैयार किया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कुल 4,70,240 रुपए की दान राशि दर्ज की गई।
दान राशि की गणना को रजिस्टर में दर्ज किया गया और संबंधित दस्तावेज तैयार किए गए। उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने इन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर प्रक्रिया को पूरा किया। इस दौरान माधवराव रत्नाकर, वीरेंद्र शर्मा, राजेश पराशर, मुकेश अग्रवाल, रघुनाथ पटवर्धन, पी.के. तिवारी, गोपाल देशपांडे और आनंद माथे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि यह राशि मंदिर के विकास कार्यों, धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने में उपयोग की जाएगी। दान पात्र से कुछ विशेष पर्चियां भी मिलीं, जिनमें भक्तों ने अपनी श्रद्धा और मन्नतें व्यक्त की थीं। इन पर्चियों को पदाधिकारियों ने यादगार स्वरूप सहेज कर रखा है।
