विकसित भारत की नींव मजबूत गांवों से, पंच-सरपंचों की भूमिका अहम : सांसद कुशवाह

ग्वालियर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में व्हीबी-जी राम जी योजना महत्वपूर्ण पहल है। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने गुरुवार को बाल भवन के सभागार में आयोजित पंच-सरपंच सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

 

सांसद कुशवाह ने कहा कि योजना में ग्रामीण विकास और रोजगार के साथ कई नए आयाम जोड़े गए हैं। उन्होंने पूर्व में संचालित मनरेगा और व्हीबी-जी राम जी योजना के बीच के अंतर तथा योजना के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत गांव की सरकार है और सरपंच उसके मुखिया के रूप में पूरे गांव के विकास की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसलिए पंचायत स्तर पर ऐसी समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए, जिसमें प्रत्येक वार्ड, क्षेत्र और हर वर्ग की आवश्यकताओं को शामिल किया जाए।

 

अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों की भी दी जानकारी

 

जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर जाटव और भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर ने योजना के प्रावधानों के माध्यम से ग्रामीण विकास में पंच-सरपंचों की भूमिका, अधिकार और उत्तरदायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने विकसित ग्राम पंचायतों के निर्माण के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया।

 

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि नल-जल योजनाओं के संधारण और संचालन में ग्राम पंचायतों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने योजना के तहत ग्राम विकास की समग्र रूपरेखा और अनुमत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्हीबी-जी राम जी योजना रोजगार से स्वरोजगार और स्वरोजगार से रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया भाग

 

सम्मेलन का शुभारंभ सांसद कुशवाह सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पंच-सरपंच तथा अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी वेदव्रत व्यास ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पंच-सरपंचों एवं शासकीय सेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Next Post

पीयूष गोयल ने सिंगापुर में उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठकों में भाग लिया, व्यावसायिक जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा की

Thu Aug 20 , 2026
नयी दिल्ली/ सिंगापुर , 20 अगस्त (वार्ता) भारत और सिंगापुर के बीच मंत्रिस्तरीय फोरम की बैठकों के सिलसिले में वहां गये वरिष्ठ मंत्रियों के दल में शामिल वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को वहां कई उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक और व्यावसायिक सम्मेलनों में भाग लिया। वाणिज्य एवं […]

You May Like