नितिन नवीन और रेखा गुप्ता ने 500 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

नयी दिल्ली, 08 फरवरी (वार्ता) दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरा होने पर रविवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक (ईवी) बसों को हरी झंडी दिखाकर राजधानी की सड़कों पर उतारा। इन बसों के शुरू होने से राजधानी में प्रदूषण-मुक्त और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा बेहतर होगी। ज्ञात रहे कि पिछले साल 8 फरवरी 2025 को विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा को 48 सीटें मिली थीं और इसी रामलीला मैदान में सरकार का शपथ ग्रहण हुआ था। एक साल बाद उसी स्थान से नई ईवी बसों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने पार्टी पर भरोसा जताया और सरकार ने एक साल में जनता के हित में कई फैसले लिए हैं। श्री नवीन ने यमुना की सफाई के प्रयासों की भी सराहना की और उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ यमुना के संकल्प को पूरा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाएं ऐसी बनाई जाएंगी कि देश के किसी भी हिस्से से आने वाले लोग यहां आसानी से इलाज करा सकें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 8 फरवरी 2025 दिल्ली के लिए ऐतिहासिक दिन था, जब जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 365 दिन काम करके साबित किया है कि सत्ता सेवा के लिए होती है। उन्होंने बताया कि 500 नई बसों के जुड़ने से दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या करीब 4000 तक पहुंच गई है। सरकार परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क लगभग 400 किलोमीटर तक फैल चुका है और मेट्रो फेज-5 के लिए भुगतान भी कर दिया गया है। इसके अलावा सहकारिता टैक्सी (भारत टैक्सी), ईवी रिक्शा नीति, महिलाओं के लिए पिंक कार्ड और एनसीएमसी कार्ड जैसी योजनाओं पर भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में दिल्ली भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली से पानीपत के बीच तीन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिससे दिल्ली और हरियाणा के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2028 तक राजधानी में 14 हजार बसें चलाने का है। करीब 18 साल बाद इंटर-स्टेट बस सेवा को फिर से शुरू किया गया है। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) पहले ही एनसीआर के कई शहरों के लिए इलेक्ट्रिक बसें चला रहा है। कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के बड़ौत, हरियाणा के सोनीपत और धारूहेड़ा के लिए भी ईवी बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। नई बसों के शुरू होने से यात्रियों को अधिक सुविधा और स्वच्छ परिवहन का लाभ मिलेगा, साथ ही प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

Next Post

आयकर के नये नियम, प्रपत्रों पर सुझाव आमंत्रित

Sun Feb 8 , 2026
नई दिल्ली 8 फरवरी (वार्ता) केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने आयकर अधिनियम, 2025 से संबंधित प्रस्तावित नियमों और प्रपत्रों को सार्वजनिक रूप से जारी कर दिया है और इस पर हितधारकों की राय और सुझाव आमंत्रित किए गये हैं। नये आयकर अधिनियम को अगस्त 2025 में राष्ट्रपति की स्वीकृति […]

You May Like