स्पाइसजेट ने क्रेडिट सुइस को किया 2.4 करोड़ डॉलर का पूरा भुगतान

नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने मई 2022 में दोनों पक्षों के बीच हस्ताक्षरित समझौते की शर्तों के अनुरूप स्विटजरलैंड के निवेश बैंक क्रेडिट सुइस को 2.4 करोड़ डॉलर का पूरा भुगतान कर दिया है।
एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि यह एयरलाइन के वर्तमान प्रवर्तक के कार्यकाल से पहले की एक दीर्घकालिक देनदारी थी।
स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महर्षि ने कहा, “इस भुगतान का पूरा होना विरासत में मिली समस्याओं को पूरी तरह से पीछे छोड़ने के हमारे निरंतर प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण कदम है। यह समझौता न केवल एक पुरानी देनदारी को समाप्त करता है, बल्कि चुनौतीपूर्ण परिचालन वातावरण के बावजूद प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के हमारे संकल्प और क्षमता को भी प्रदर्शित करता है। स्पाइसजेट आज वित्तीय रूप से अधिक मजबूत, अधिक लचीली और विकास एवं लाभप्रदता पर पूरी तरह केंद्रित है।”
मई 2022 में निपटान समझौते के निष्पादन की तिथि पर क्रेडिट सुइस/एसआर टेक्निक्स का कुल दावा 4.177 करोड़ अमेरिकी डॉलर था, जिसे दोनों पक्षों ने एक संरचित भुगतान योजना के तहत 2.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर में निपटाने पर सहमति व्यक्त की।
यह देनदारी वर्तमान प्रवर्तक द्वारा एयरलाइन का अधिग्रहण करने से पहले उत्पन्न हुयी थी। अब पूर्ण निपटान पूरा होने के साथ स्पाइसजेट ने लंबे समय से चली आ रही वित्तीय तंगी को सफलतापूर्वक समाप्त कर दिया है, जिससे कंपनी के कायाकल्प की यात्रा और भी मजबूत हुयी है।
स्पाइसजेट अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए निर्णायक कदम उठा रही है, जिसमें सफल धन उगाहने की पहल, प्रमुख पट्टादाताओं और लेनदारों के साथ समझौते, और अपने बेड़े तथा नेटवर्क का रणनीतिक विस्तार शामिल है।

Next Post

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के 35 खिलाड़ी करेंगे पर्दापण

Mon Sep 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 सितम्बर (वार्ता) जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 27 सितम्बर से पांच अक्टूबर तक होने वाले विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 में 35 भारतीय एथलीट पहली बार हिस्सा लेंगे। स्विट्जरलैंड में हुई नॉटविल वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में पुरुषों की एफ42 जेवलिन श्रेणी में 61.17 मीटर का थ्रो […]

You May Like