मानपुर में सीनियर IAS के फार्म हाउस पर चल रहा था हार-जीत का दांव, 18 गिरफ्तार; लाखों बरामद

इंदौर: मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के मानपुर स्थित फार्म हाउस पर पुलिस ने दबिश देकर हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। फार्म हाउस के केयरटेकर की मिलीभगत से यहाँ आलीशान तरीके से जुआ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है, जबकि केयरटेकर समेत 6 अन्य आरोपी फरार हैं।

आला पुलिस अफसरों को सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम आवलीपुरा स्थित फार्म हाउस एबी रोड पर बड़े स्तर पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है। जिसके चलते तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर छापा मारा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई।पुलिस ने मौके से करीब 13.68 लाख,30 स्मार्टफोन और दो कारें बरामद की।
केयरटेकर की सांठगांठ
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे जुए के अवैध कारोबार के पीछे फार्म हाउस का केयरटेकर रंजीत जाट निवासी रामपुरिया मुख्य भूमिका में था। उसने फार्म हाउस का दुरुपयोग करते हुए इसे जुआ घर बना दिया था। पुलिस की दबिश के दौरान रंजीत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
धार, उज्जैन और गुजरात तक के जुआरी पकड़ाए
गिरफ्तार किए गए 18 आरोपी मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों और गुजरात तक के रहने वाले हैं। पकड़े गए प्रमुख नामों में धार मनावर के अलिया उर्फ अलाउद्दीन, विजय मोदी, दीनदयाल जायसवाल, स्वपनिल डुंगरवाल, अखिलेश झंवर वहीं उज्जैन-बड़नगर के राहुल जैन, राहुल औरा, अभिषेक सरसोदे के अलावा इन्दौर-देवास के ओमप्रकाश राठौड़, बृजसिंह यादव, रवि चौधरी और गुजरात राजकोट नवीन पाटीदार व
अन्य खरगोन, बड़वानी और झाबुआ के आरोपी भी शामिल हैं।
6 आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि जगदीश राठौड़ राजगढ़, गोपाल लिम्बोदी, पप्पू धोबी, आशीष जैन और केयरटेकर रंजीत जाट समेत 6 लोग फरार हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ 170 बीएनएस (BNS) और सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इस कार्रवाई ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है, क्योंकि मामला वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के निजी परिसर से जुड़ा हुआ है। मानपुर पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Next Post

लद्दाख में राज्य का दर्जा पाने के लिए 12 मार्च को विशाल विरोध मार्च का आह्वान, सोनम वांगचुक की रिहाई और छठी अनुसूची की मांग पर अड़ा लेह एपेक्स बॉडी

Wed Mar 11 , 2026
लेह/श्रीनगर | लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर ‘लेह एपेक्स बॉडी’ (LAB) ने 12 मार्च को शांतिपूर्ण विरोध मार्च का बड़ा आह्वान किया है। राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के इस समूह का उद्देश्य केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय […]

You May Like