मुंबई, 27 जुलाई (वार्ता) टी-सीरीज़ ने प्रसिद्ध इस्माइल खान लंगा ग्रुप का नया गीत ‘फोक एक्सप्रेस’ रिलीज किया है, जिसमें राजस्थानी लोक संगीत की समृद्ध परंपरा और सावन के रोमांटिक रंगों का सुंदर संगम देखने को मिलता है।ऋषि सिंह सिसोदिया द्वारा रचित इस गीत में राजस्थान के तीन लोकप्रिय लोक गीतों- बिड़लो म्हारो, चौमासो और झिर मिर बरसे को एक आकर्षक मेडले के रूप में प्रस्तुत किया गया है। पारंपरिक लोक धुनों और भावपूर्ण अभिव्यक्ति से सजा यह गीत श्रोताओं को राजस्थान की लोक संगीत विरासत की झलक कराता है।
इस्माइल खान लंगा ग्रुप ने अपनी सुमधुर और भावनात्मक प्रस्तुति से गीत को विशेष आकर्षण दिया है। गीत की सबसे बड़ी खासियत इसका शुद्ध लोक संगीत स्वरूप है, जिसे पारंपरिक बोलों और धुनों के माध्यम से बरकरार रखा गया है। संगीतकार मनीष पुरोहित ने तीनों लोक गीतों को इस तरह पिरोया है कि हर धुन अपनी अलग पहचान बनाए रखते हुए प्रेम और लोक संस्कृति की कहानी कहती है।
ध्रुव सांखला के निर्देशन में बने म्यूजिक वीडियो में राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति, रंग-बिरंगी विरासत और स्थापत्य कला को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
वीडियो में इस्माइल खान लंगा ग्रुप पारंपरिक राजस्थानी परिवेश में प्रस्तुति देता नजर आता है, जो दर्शकों को एक लोक महफिल का अनुभव कराता है। निर्माताओं के अनुसार, फोक एक्सप्रेस नई पीढ़ी के श्रोताओं के साथ-साथ लोक संगीत प्रेमियों को भी आकर्षित करेगा। गीत सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जबकि इसका आधिकारिक म्यूजिक वीडियो टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।

