मंडला:कलेक्टर सोमेश मिश्रा की पहल पर महिष्मति घाट का भव्य सौंदर्यीकरण कर पंच चौकी आरती की परंपरा शुरू की गई थी। इस धार्मिक आयोजन ने घाट की पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया। प्रदेश के राज्यपाल और कई मंत्री यहाँ आकर माँ नर्मदा की महाआरती में शामिल होते रहे हैं।
लेकिन अब यही घाट अव्यवस्था की चपेट में है। प्रतिदिन सुबह लोग घाट पर तेल–साबुन लगाकर स्नान कर रहे हैं और खुलेआम कपड़े धो रहे हैं। इससे माँ नर्मदा की पवित्र धारा अपवित्र हो रही है। घाट के आसपास गार्डन और साफ-सफाई की जो व्यवस्था की गई थी, वह उपेक्षा का शिकार होती दिख रही है।
श्रद्धालुओं का आक्रोश
श्रद्धालुओं ने कहा कि पंच चौकी आरती जहाँ भक्ति और आस्था का केंद्र बनी हुई है, वहीं नर्मदा तट पर प्रदूषण का यह दृश्य दुखद है। प्रशासन अब घाट प्रबंधन को पूरी तरह समिति के भरोसे छोड़ चुका है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।
जन अपील
नर्मदा भक्तों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से माँ नर्मदा की धारा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए ठोस कदम उठाने की माँग की है। तेल–साबुन और कपड़े धोने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ ही लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।
“माँ नर्मदा की पवित्र धारा को स्वच्छ रखना हर श्रद्धालु का पहला धर्म है।”
