बैतूल के 127 गांवों का खत्म होगा 75 साल का अंधेरा, मोटा-4 योजना से आएगी बिजली

बैतूल। बैतूल जिले के लगभग सवा सौ गांव आजादी के 75 साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद अब बिजली से रोशन होने वाले हैं।

जिले के सुदूर वनांचल और पहाड़ी इलाकों के ग्रामीण आज भी लालटेन, दीये और जलती लकड़ियों के सहारे रात काटने को मजबूर थे, लेकिन अब इन गांवों के लिए राहत और उम्मीद की बड़ी खबर है। केंद्र सरकार की मोटा-4 योजना के तहत जल्द ही इन बसाहटों तक बिजली पहुंचेगी।

जिले की इन बसाहटों में घोघरा, भतोड़ी, पालंगा, उतरी, बुरहानपुर जैसे कई गांव शामिल हैं। घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों के बीच बसे होने के कारण यहां अब तक बिजली लाइन नहीं पहुंच सकी थी। हालत यह थी कि मोबाइल नेटवर्क तो पहुंच गया, लेकिन मोबाइल चार्ज करने तक के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। बच्चों की पढ़ाई मोमबत्ती और दीये की कमजोर रोशनी में होती थी, जबकि सिंचाई के लिए डीजल पंप का सहारा लेना मजबूरी बन गया था।

घोघरा गांव के ग्रामीण मंगलवार को अपनी पीड़ा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। गांव के प्रमोद कवड़े और पंच दिनेश उइके ने कहा कि बिजली नहीं होने से जीवन के हर क्षेत्र में परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश के दिनों में सांप-बिच्छुओं का खतरा बढ़ जाता है और अंधेरे के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। नल-जल योजना भी बिजली के अभाव में शुरू नहीं हो सकी है।

करीब 15 साल पहले शासन ने इन गांवों में सोलर लाइटिंग सिस्टम लगाया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह भी कुछ ही वर्षों में खराब हो गया। इसके बाद ग्रामीण फिर से अंधेरे में लौट आए।

इसी बीच मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक बीएस बघेल के अनुसार केंद्र सरकार की मोटा-4 योजना के तहत जिले की 127 बसाहटों में बिजली पहुंचाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब 28 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होंगे। जिले से डीपीआर तैयार कर राज्य और केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है, जिसे जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है।

Next Post

ऑनलाइन गेमिंग की लत ने छीनी तीन बहनों की जिंदगी, गाजियाबाद की घटना ने बढ़ाई चिंता

Wed Feb 4 , 2026
गाजियाबाद। एक दर्दनाक घटना ने ऑनलाइन गेमिंग और किशोर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के एक अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल से गिरने से तीन सगी बहनों की मौत हो गई। घटना देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। मृतक बहनों की […]

You May Like