रक्षा भूमि के प्रबंधन से संबंधित दो दिन के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे कल राजनाथ

नयी दिल्ली 17 सितम्बर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रक्षा क्षेत्र की भूमि के प्रबंधन से संबंधित दो दिन के राष्ट्रीय सम्मेलन ‘मंथन2025’ का गुरुवार को यहां उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन का आयोजन रक्षा संपदा महानिदेशालय कर रहा है और इसका मुख्य विषय ‘विकासशील भारत 2047 के लिए रणनीतिक रोडमैप’ है।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह सम्मेलन रक्षा भूमि प्रबंधन की पुनर्कल्पना, उन्नत डिजिटल उपकरणों और प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाने तथा शासन ढांचे एवं स्थिरता को सुदृढ़ करने में रक्षा संपदा विभाग की उभरती भूमिका पर केंद्रित होगा। दो दिन के इस सम्मेलन में रक्षा क्षेत्र में भूमि प्रबंधन के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और क्षेत्र विशेषज्ञों द्वारा कई ज्ञानवर्धक सत्र और व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन सत्र में एक विशेष प्रस्तुति में रक्षा भूमि प्रशासन के क्षेत्र में पिछले एक वर्ष में रक्षा संपदा विभाग की उत्कृष्ट पहलों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालने के साथ साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लिए एक रणनीतिक रोडमैप भी प्रस्तुत किया जाएगा। दूसरे दिन भूमि संसाधन विभाग के सचिव मनोज जोशी, भारत के महान्यायवादी आर. वेंकटरमण, भारत के उप-नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक सुबीर मलिक सहित अन्य प्रमुख विचारक और विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों में शामिल होंगे।
यह सम्मेलन रक्षा भूमि प्रबंधन को प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित, डिजिटल रूप से सशक्त और भविष्य के लिए तैयार विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रक्षा संपदा विभाग देश भर में लगभग 18 लाख एकड़ रक्षा भूमि का प्रबंधन करता है और भूमि प्रशासन, नीति निर्माण और रक्षा अवसंरचना के लिए सतत भूमि उपयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Next Post

रुपया 24 पैसे मजबूत, 87.85 प्रति डॉलर पर पहुंचा

Wed Sep 17 , 2025
मुंबई, 17 सितंबर (वार्ता) विदेशी निवेशकों के सकारात्मक रुख और शेयर बाजार में जारी तेजी से बुधवार को रुपये में लगातार चौथे दिन तेजी रही और यह 24 पैसे की जबरदस्त मजबूती के साथ 87.85 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय मुद्रा चार दिन में 50 पैसे मजबूत हो […]

You May Like