पेड़ से टकराकर वैन में भड़की आग, चालक झुलसा, ग्रामीणों ने 3 श्रद्धालुओं को बचाया

सतना: जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मैहर मां शारदा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की ओमनी कार में भीषण आग लग गई। पौड़ी गांव के पास स्टीयरिंग जाम होने से कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई और धू-धू कर जलने लगी। हादसे में कार चालक कृष्ण पाल कुशवाहा बुरी तरह झुलस गए, जबकि तीन अन्य श्रद्धालुओं को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी घायल पन्ना जिले के देवेंद्रनगर के रहने वाले हैं। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए ड्राइवर को सतना के बिरला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमनी कार में चार श्रद्धालु सवार थे और वे पन्ना से मैहर की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन की स्टीयरिंग जाम हो गई। इस कारण कार पर से चालक का नियंत्रण छूट गया और वह सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके तुरंत बाद कार में आग भड़क उठी। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक की नाजुक हालत को देखते हुए बिरला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
 चालक का पैर फंसा
हादसा होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कार में फंसे यात्रियों को जल्दी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, चालक कृष्ण पाल कुशवाहा का पैर गाड़ी में फंस गया था, जिससे उन्हें निकालने में देरी हुई और वे आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना में उनके साथ सवार अवध राज कुशवाहा, भगवान दास कुशवाहा और एक अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए हैं।

Next Post

रेलवे स्टेशन पर 62+1 रैक का हुआ सफल परीक्षण

Thu Jan 8 , 2026
सतना: सतना जंक्शन में लगातार मालगाडिय़ों के संचालन का एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। यहां आने-जाने वाली मालगाडिय़ों की बढ़ती संख्या के बीच बुधवार को अल्ट्राटेक कंपनी की मालगाड़ी का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में सतना रेलवे स्टेशन पर इस मालगाड़ी का तकनीकी परीक्षण […]

You May Like