
शुजालपुर। शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत निपानिया देव मार्ग पर अमलाय पत्थर के पास स्थित एक खेत में रविवार सुबह एक युवक का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने और बाद में शव को जलाने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव सडक़ से करीब 400 से 450 मीटर अंदर खेत में पड़ा मिला. घटनास्थल के आसपास पत्थरों पर खून के निशान भी पाए गए हैं. मौके से एक खाली स्प्रिट की बोतल भी मिली है, जिससे शव जलाने की आशंका और गहराई है. मृतक की पहचान धर्मेंद्र शर्मा पिता रमेश प्रसाद शर्मा 27 वर्ष निवासी ब्रह्मपुरी कॉलोनी, सीहोर के रूप में हुई है. वह पूजा सामग्री बेचने का कार्य करता था और किराए के मकान में रह रहा था. परिजनों द्वारा शनिवार रात कोतवाली थाना सीहोर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी.
पिता का आरोप पुलिस मदद करती, तो बेटा बच जाता
घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के पिता रमेश प्रसाद शर्मा ने कहा कि वे शनिवार रात कई घंटे तक कोतवाली थाना सीहोर में पुलिस से मदद की गुहार लगाते रहे. यदि पुलिस समय पर साथ चलती तो उनका बेटा बच सकता था.
भाई ने भी कहा पुलिस ने मदद नहीं की
मृतक के भाई प्रशांत शर्मा ने बताया कि शनिवार शाम सीहोर निवासी चिराग और बादल उनके घर आए थे और धर्मेंद्र को बाइक पर बिठाकर ले गए. शाम करीब 5 बजे मोबाइल पर बात हुई, तब धर्मेंद्र ने कहा था कि ये लोग उसे छोड़ नहीं रहे हैं. बाद में रात करीब 8.30 बजे फ ोन करने पर आरोपियों ने अभद्र भाषा में बात करते हुए हत्या की बात कही. इस सम्बध में कोतवाली सीहोर पुलिस को भी बताया तथा सीहोर पुलिस से भाई को ले जाने वाले दोनों युवको से मोबाईल पर बात भी कराई. पुलिस ने कोई मदद नही की. परिजनों का आरोप है कि आष्टा से अरन्याकला के बीच स्थित एक ढाबे पर धर्मेंद्र को शराब पिलाई गई, जहां उसके साथ मारपीट भी हुई. इसके बाद उसकी हत्या कर शव शुजालपुर क्षेत्र में फेंक दिया गया.
इनका कहना है
सूचना मिलते ही शुजालपुर मंडी पुलिस मौके पर पहुंची. एफ एसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल शुजालपुर में कराया गया, जिसके बाद परिजन शव लेकर सीहोर रवाना हुए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जिन दो युवकों पर हत्या की आशंका जताई गई है, वे फिलहाल फरार हैं.
शिवकुमार यादव, थाना प्रभारी, शुजालपुर मंडी
