
शाजापुर। शुरूआत से ठिठुर रहा वर्ष 2026 में अब मौसम परिवर्तन होगा, मौसम विभाग के अनुसार न कोहरा छाएगा और न ही बादल छाएंगे. वहीं बारिश की भी कोई संभावना नहीं है. अब दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री तक पहुंचेगा जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी. वहीं आगामी सप्ताह से लोगों को अब गर्म कपड़ों की जगह पंखों के सहारे दिन और रात गुजारना होंगे.
दिसंबर माह के अंत और जनवरी की शुरूआत से ही मौसम सर्द बना हुआ था और नगरवासी पिछले दो माह से लगातार ठिठुर रहे थे. दिन में कभी मौसम गर्म हो रहा था तो शाम होते ही सर्द हवाएं फिर मौसम को सर्द बना रही थी. यही नहीं जनवरी माह में हुई ओलावृष्टि से पिछले एक सप्ताह से लोगों को दिन में भी सर्द हवाओं व कोहरे का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन पिछले दो दिनों से मौसम बदलने लगा है और हवा की गति भी कम हुई है. दिन में भी तेज धूप खिलने लगी है जिससे संभावना है कि आगामी दिनों में मौसम पूरी तरह बदल जाएगा.
सुबह व शाम गुलाबी सर्दी, दिन में गर्म रहेगा मौसम
स्थानीय मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि पहले हवा उत्तर-पूर्वी थी जो रविवार से दक्षिण-पश्चिमी हो गया. जिसके चलते आगामी सप्ताह से मौसम गर्म होने लगेगा. उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से दिन का तापमान बढक़र 32 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि रात में गुलाबी सर्दी का एहसास जरूर होगा. लेकिन मार्च के पहले सप्ताह से मौसम पूरी तरह गर्म हो जाएगा, जिसके चलते दिन का तापमान 35 से 40 डिग्री बना रहेगा.
