
रीवा।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि दो अगस्त से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के प्रथम चरण में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके अभियान के लिए वातावरण का निर्माण करें। देश के स्वतंत्रता तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें. तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मानव श्रृंखला बनाकर तथा प्रभातफेरी के माध्यम से हर व्यक्ति को इस अभियान में सहभागी बनाएं. सभी अधिकारी भी हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभायें. अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली, तिरंगा मेला जैसे कार्यक्रम आयोजित करें. जिला, विकासखण्ड और ग्राम स्तर पर अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराएं. कलेक्टर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह और स्वच्छता अभियान भी जुड़ा हुआ है. सभी अधिकारी अपने कार्यालय और कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई कराएं. कार्यालय के अभिलेखों को व्यवस्थित कराएं. अभियान का तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा. जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने अभियान के संबंध में शासन के निर्देशों की जानकारी दी. बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
