इंदौर में देर रात हादसा, वीडियो आया सामने; तनाव में होने की बात, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

इंदौर:नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा गुरुवार देर रात बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई. गंभीर हालत में पहले निजी अस्पताल और फिर एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. पुलिस मामले को हादसा या आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच रही है.भंवरकुआं थाना क्षेत्र में अवंतिका मौर्य धाकड़ कॉलोनी स्थित एक निजी बिल्डिंग में अपनी बड़ी बहन डॉ. सपना मौर्य के साथ रह रही थी.

बहन ने बताया कि अवंतिका तीन बार नीट परीक्षा में सफल नहीं हो सकी थी और हाल ही में परीक्षा रद्द होने के बाद से तनाव में थी. गुरुवार को वह पूरे दिन चुप रही और अधिकतर सवालों के जवाब सिर्फ हां या ना में दे रही थी. रात करीब 11:30 बजे वह मोबाइल पर अपनी चचेरी बहन नैना से बात कर रही थी. इसी दौरान वह सीढ़ियां चढ़ते हुए छत की ओर गई और कुछ ही देर में नीचे गिर गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी. अवंतिका मूल रूप से धार जिले की रहने वाली थी. उसके पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य खरगोन के भिकनगांव में मेडिकल ऑफिसर हैं और हाल ही में ट्रेनिंग के सिलसिले में इंदौर आए थे. उन्होंने बताया कि घटना के समय वे फ्लैट के अंदर ही थे और अवंतिका किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी जानकारी नहीं है.

घटना के बाद पिता उसे तुरंत जूपिटर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एमवाय अस्पताल रेफर किया. शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि छात्रा के मोबाइल की जांच, कॉल डिटेल और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है. एसएफएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना थी या आत्महत्या. परिजनों ने पुलिस को बताया कि अवंतिका पहले भी जनवरी में फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी. तीन बार नीट क्लियर नहीं होने के बाद परिवार ने आगे तैयारी से मना कर दिया था और इस साल उसका एडमिशन खरगोन के एक फार्मेसी कॉलेज में कराया था. फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है.

Next Post

नारकोटिक्स की कार्रवाई पर सवाल, बालिग बताकर जेल भेजा आरोपी निकला नाबालिग

Fri Jun 19 , 2026
इंदौर:शहर की नारकोटिक्स विंग की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं. एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर जिस आरोपी को बालिग बताकर जेल भेजा था, वह अब नाबालिग निकला है. मामला सामने आने के बाद न्यायालय ने जांच के निर्देश दिए हैं.कुछ माह पहले नारकोटिक्स टीम ने इंदौर से […]

You May Like