
नई दिल्ली, 14 नवंबर 2025: रूस से बढ़ते तनाव के बीच फ्रांसीसी नौसेना ने पहली बार अपनी परमाणु हमला करने वाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ASMPA-R को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है। इस मिसाइल को फ्रांसीसी नौसेना के नेवल न्यूक्लियर एविएशन फोर्स के राफेल एम फाइटर जेट पर लगाया गया था। फ्रांसीसी नौसेना ने ऑपरेशन Diomede के तहत इस परमाणु मिसाइल के परीक्षण का अभ्यास किया, हालाँकि इसमें परमाणु वारहेड नहीं लगाया गया था। मिसाइल को आधिकारिक तौर पर 10 नवंबर को फोर्स में शामिल किया गया।
ASMPA-R की गति मैक 3 और लंबी रेंज
ASMPA-R मिसाइल वर्ष 2023 से ही ऑपरेशनल है। यह मिसाइल सुपरसोनिक स्पीड और लंबी रेंज के कारण फ्रांस को यह सुनिश्चित करने में मदद करती है कि उसका राफेल जेट दुश्मन की रेंज से दूर रहकर भी सफलतापूर्वक लक्ष्य को तबाह कर सके। ASMPA-R की रेंज 600 किलोमीटर है और इसकी गति मैक 3 तक हो सकती है। यह मिसाइल फ्रांस के परमाणु आधुनिकीकरण और प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए 2010 से बनाई जा रही है।
परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर और नई मिसाइल
फ्रांसीसी नौसेना के पास इकलौता परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर चार्ल्स डी गाले है, जो अमेरिका को छोड़कर नाटो का इकलौता युद्धपोत है, जो परमाणु बम लेकर चलता है। फ्रांस ने यह मिसाइल ऐसे समय पर बनाई है, जब यूरोप के नाटो देशों पर रूस के हमले का खतरा मंडरा रहा है। फ्रांस ने परमाणु बम से लैस M51.3 सबमरीन लांच मिसाइल भी बनाई है, जो अक्टूबर में सेवा में शामिल हुई है।
