मुंबई, 07 फरवरी (वार्ता) बॉलीवुड के जानेमाने चरित्र अभिनेता बोमन ईरानी ने अपने निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘द मेहता बॉयज़’ के प्रदर्शन के एक साल पूरे होने पर अपने प्रशंसकों के साथ अनदेखे पलों को साझा किया है। फिल्म द मेहता बॉयज की पहली सालगिरह परबोमन ईरानी ने एक खास वीडियो साझा किया, जो दर्शकों को परदे के पीछे की दुनिया में ले जाता है। यह वीडियो सीन या परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि उन खामोश, अनदेखे पलों को पकड़ता है, जो उनकी पहली निर्देशित फिल्म के बनने के दौरान जिए गए यह मोंटाज अमेज़न प्राइम वीडियो की इस ड्रामा फिल्म के पीछे की झलक दिखाता है, जहां बोमन ईरानी पहली बार निर्देशक की कुर्सी संभालते नज़र आते हैं। यह सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि इस बात की याद दिलाता है कि ‘द मेहता बॉयज़’ बोमन ईरानी के लिए महज़ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके रचनात्मक सफर का एक अहम पड़ाव है।
बोमन इरानी ने कैप्शन में लिखा, “द मेहता बॉयज़ को दुनिया तक पहुंचे एक साल हो गया है। इस कहानी को मैं लंबे समय से अपने भीतर लिए चलता रहा… और इसे जो प्यार मिला, वह बेहद विनम्र करने वाला है। हर उस शख़्स का शुक्रिया जिसने इस पर भरोसा किया, और मेरी शानदार टीम का आभार, जिन्होंने इस सफर को इतना खास बनाया… बोमन ईरानी के लिए यह फिल्म रचनात्मक जोखिम भी थी और भावनात्मक आत्ममंथन भी।निर्देशक, सह-लेखक, सह-निर्माता और मुख्य अभिनेता की कई भूमिकाएं निभाते हुए, ईरानी ने एक सादा लेकिन गहरी भावनाओं से भरी कहानी पेश की, जो एक पिता और बेटे के नाज़ुक रिश्ते को टटोलती है। ‘द मेहता बॉयज़’ ने शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार भी जीता, और एक खास सिनेमाई कृति के रूप में अपनी जगह बनाई।

