आष्टा। नपा में बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे.
भारतीय मजदूर संघ के राज्य सफाई कर्मचारी मोर्चा के भोपाल संभाग अध्यक्ष राहुल वाल्मीकि के नेतृत्व में दोपहर में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी नपा कार्यालय पहुंचे. सीएमओ के अनुपस्थित रहने पर कर्मचारियों ने नारेबाजी की और अपना ज्ञापन कार्यालय के मुख्य गेट पर चिपका दिया.
ज्ञापन में बिना सूचना बंद किए गए आउटसोर्स कर्मचारियों को पुन: कार्य पर रखने, सभी कर्मचारियों को पीएफ/जीपीएफ का लाभ देने, समय पर मासिक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, कचरा गाड़ी कर्मचारियों को कलेक्टर दर से वेतन देने तथा कार्य में बिना कारण अदला-बदली न करने की मांग की गई है. पार्षद प्रतिनिधि शेख रईस ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पहले से प्रभावित है और रमजान माह की शुरुआत से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करना आवश्यक है. इस संबंध में सीएमओ विनोद प्रजापति ने कहा कि कर्मचारियों का वेतन जारी किया जा चुका है और शीघ्र ही राशि उनके खातों में पहुंच जाएगी. अन्य मांगों पर भी विचार किया जा रहा है तथा आउटसोर्सिंग के लिए नया टेंडर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है. कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों का त्वरित निराकरण नहीं हुआ तो वे गुरुवार से हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.
