हमीरपुर 19 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में शनिवार देर रात नीट परीक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने से आहत छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के राठ कस्वा निवासी श्रुति साहू (22) पुत्री महेंद्र पाल साहू कानपुर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। परिणाम में उसके कम अंक आने के कारण कही पर प्रवेश न मिलने से छात्रा हमेशा निराश रहती थी एवं परिजनों से बातचीत करना बंद कर दिया था।
कल रात बारह बजे के बाद उसने कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। उरई में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का रविवार को पोस्टमार्टम किया है। करीब पांच वर्ष पहले श्रुति की मां गीता ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
