चमोली 08 फरवरी (वार्ता) उत्तराखण्ड में चमोली जिले के खेल विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जूनियर बालकों की राज्य आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को शुभारम्भ किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने किया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड की 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें हरिद्वार, पौड़ी, हल्द्वानी (नैनीताल), रुद्रपुर (उधमसिंहनगर), पिथौरागढ़, चम्पावत, कोटद्वार, नरेंद्रनगर (टिहरी), देहरादून हॉस्टल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा एवं चमोली की टीमें शामिल हैं।
आज उद्घाटन मैच में कोटद्वार की टीम ने हरिद्वार को 3-1 से पराजित किया। कोटद्वार की ओर से अभिज्ञान भट्ट ने 22वें, 27वें एवं 33वें मिनट में तीनों गोल किए, जबकि हरिद्वार की ओर से अर्पित रावत ने 67वें मिनट में एक गोल दागा। दूसरे मुकाबले में पिथौरागढ़ ने संघर्षपूर्ण मैच में पौड़ी को 3-2 से हराया। पिथौरागढ़ की ओर से लवराज ने 11वें मिनट में एक गोल तथा अकूल ने 19वें और 64वें मिनट में दो गोल किए। पौड़ी की ओर से मानव ने 17वें तथा अर्जुन ने 35वें मिनट में गोल किए। तीसरे मैच में टिहरी गढ़वाल ने रुद्रप्रयाग को 5-0 से पराजित किया।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड वालीबॉल संघ के महासचिव हेम पुजारी, गोपीनाथ वालीबॉल संघ के जिला अध्यक्ष अशोक सिंह रावत, बैडमिंटन संघ के जिला अध्यक्ष हेम दरमोड़ा, मौजूद रहे।
