रीवा:शहर जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत पैपखरा गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर में लगी आग से एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में 2 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार घर के आंगन में चूल्हे पर खाना बन रहा था, जबकि गैस सिलेंडर घर के अंदर रखा था। इसी दौरान बछड़े ने धक्का मार दिया जिससे सिलेंडर की गैस पाइप निकल गई। गैस का रिसाव होते ही आंगन तक पहुंच गया और चूल्हे की आग से पूरे घर में भीषण आग फैल गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान, अनाज और गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया।
हादसे में परिवार के 4 सदस्य बुरी तरह झुलस गए। सभी को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
