
जबलपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल से अगस्त तक जबलपुर रेल मंडल ने राजस्व और यात्री सुविधाओं के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। पांच माह में मंडल ने 187.30 लाख यात्रियों को रेल सुविधा उपलब्ध कराई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 3.25 प्रतिशत अधिक है। यात्री राजस्व ₹437.53 करोड़ रहा, जिसमें 6.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। माल भाड़े से 1,868.55 करोड़ की आय हुई, जो पिछले साल से 11.19 फ़ीसदी अधिक है। इस तरह मंडल का कुल राजस्व 2,407.41 करोड़ पहुंच गया, जिसमें 10.99 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। टिकट जांच से 31.39 करोड़ और अन्य कोचिंग आय से 34.74 करोड़ अर्जित किए गए।
यात्रियों की सुविधा और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मंडल में कई नई सेवाएं और ठहराव शुरू किए गए। ब्योहारी में धनबाद–एलटीटी एक्सप्रेस, स्लीमनाबाद में रीवा–इतवारी एक्सप्रेस तथा झुकेही में रीवा–चिरमिरी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ। इसके अलावा जबलपुर–पुणे और जबलपुर–बांद्रा सेवाओं का नियमित संचालन शुरू किया गया। माल परिवहन को गति देने के लिए जून में करहिया भदौली में नया गुड्स शेड शुरू हुआ, जहां खाद्यान्न, उर्वरक और सीमेंट की लोडिंग-अनलोडिंग सुविधा है। देवरा ग्राम में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल भी शुरू किया गया।
जारी किए दिव्यांगजन कार्ड
दिव्यांग और दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए जुलाई में जबलपुर व सतना स्टेशन पर ब्रेल साइनेज लगाए गए, जबकि अगस्त तक 768 डिजिटल दिव्यांगजन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्योहारी स्टेशन के पुनर्विकास का 17 जुलाई को लोकार्पण हुआ। वहीं दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन, जबलपुर–हरिद्वार, रीवा–रानी कमलापति, रीवा–डॉ. आंबेडकर नगर और कटनी–सतना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
