कान्ह और सरस्वती नदी शुद्धिकरण योजना : 2027 तक पूरा करने की योजना

इंदौर:कान्ह और सरस्वती नदी को लेकर महापौर ने अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में नदियों के 78 पॉइंट्स पर बचे काम को सिंहस्थ के पहले समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए.सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कान्ह और सरस्वती नदी शुद्धिकरण तथा पानी के प्रवाह को बनाने के प्रयास शुरू किए है. इसको लेकर आज सिटी बस कार्यालय सभागार में बैठक हुई.

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कान्ह और सरस्वती नदियों के तटों पर अतिक्रमण हटाने, गंदे नालों को डायवर्ट करने और पानी के प्रवाह को सुचारु बनाने के कई कार्य किए गए हैं. हालांकि, वर्तमान में 78 ऐसे पॉइंट्स हैं , जहां शुद्धिकरण एवं सुधार कार्य अभी बाकी हैं. बैठक में नदी किनारे लगने वाले एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की कार्यप्रणाली, गंदे नालों को रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय, तथा पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए किए जाने वाले निर्माण कार्यों पर भी चर्चा की गई. साथ ही, शहरवासियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जनजागरण अभियान चलाने पर भी विचार किया गया.

लंबित कार्यों को 2027 तक पूरा करें
महापौर ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 से पहले दोनों नदियों को स्वच्छ और प्रवाहमान बनाने के लिए सभी लंबित कार्यों को 2027 तक पूरा किया जाए. बैठक में जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

Next Post

स्टार्टअप पार्क और कन्वेंशन सेंटर निविदा शर्तों पर चर्चा

Sat Aug 30 , 2025
इंदौर: आईडीए की विभिन्न योजनाओं के विकास को लेकर संभागायुक्त ने अधिकारियों की बैठक ली. बैठक में स्टार्टअप पार्क, कन्वेंशन सेंटर, सुपर कॉरिडोर पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और विभिन्न चौराहों और सड़कों पर फ्लाई ओवर के सर्वे पर चर्चा की गई.आज आईडीए पदेन अध्यक्ष दीपक सिंह ने आईडीए की विभिन्न योजनाओं […]

You May Like