मुंबई, 23 फरवरी (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-शरद पवार) के विधायक और दिवंगत उप मुख्यमंत्री अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने चेतावनी देते हुए कहा है कि 28 जनवरी को हुई हवाई दुर्घटना जांच में अगर केंद्र सरकार की एजेंसियों की ओर से कोई ढ़ील बरती गई, तो ‘मराठी दिखा देंगे कि वे क्या कर सकते हैं।’
श्री पवार ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा, “क्या जांच एजेंसियां सभी सबूत ठीक से इकट्ठा कर रही हैं? अजित दादा की दुर्घटना की पूरी जांच होनी चाहिए। जांच एजेंसी किस तरह की जांच कर रही है? वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी? उन्होंने कई नियमों का उल्लंघन किया है। मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री को लिखा है और इस पत्र में मैंने मांग की है कि इस दुर्घटना की पूरी जांच हो और जल्द से जल्द एक रिपोर्ट सामने आए।”
श्री पवार ने कहा कि उन्होंने ब्लैक बॉक्स की तस्वीर इकट्ठा कर ली है और उन्हें पता है कि इस जरूरी उपकरण का कितना नुकसान हुआ है। (मुख्य उड़ान संचालन निरीक्षक) श्वेता सिंह के बारे में भी जानकारी सामने आई है। श्री पवार ने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि श्वेता सिंह कैसे घपला कर रही हैं।
श्री पवार ने कहा, “अगर जांच पूरी तरह से नहीं की गई या सिर्फ दिखावा किया गया तो तो मराठी लोग दिखा देंगे कि वे क्या कर सकते हैं।” उन्होंने जांच में किसी भी तरह की ढिलाई के खिलाफ चेतावनी दी।
