
बैतूल। बडोरा में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंडी के पीछे की ओर प्रस्तावित 90 लाख की एप्रोच रोड का निर्माण एक बार फिर अटक गया है। सड़क की ड्राइंग डिजाइन दूसरी बार तकनीकी कारणों से खारिज कर दी गई है।
पीडब्ल्यूडी ने इस 250 मीटर लंबी सड़क की ड्राइंग अप्रैल 2025 में एसई कार्यालय को भेजी थी, लेकिन नाले पर बनने वाले पुल की तकनीकी मंजूरी न होने से प्रस्ताव लौटा दिया गया। इसके बाद विभाग ने संशोधित ड्राइंग एक माह पहले दोबारा भेजी, मगर इस बार भी एसई कार्यालय ने आपत्ति जताते हुए कैचमेंट एरिया और नाले के उच्चतम जलस्तर का विवरण नहीं दिखाने पर इसे अस्वीकार कर दिया।
अब पीडब्ल्यूडी तीसरी बार संशोधित ड्राइंग डिजाइन बनाकर भेजने की तैयारी कर रहा है। विभागीय अधिकारी बी.एस. परमार (एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बैतूल) के अनुसार, डिजाइन में सुधार के निर्देश दिए गए हैं, संशोधन के बाद प्रस्ताव दोबारा भेजा जाएगा।”
इधर, अधूरी सड़क और एकमात्र रास्ते के कारण मंडी क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। किसानों और अनाज व्यापारियों को रोजाना जाम की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले मंडी के पीछे 1 किलोमीटर लंबी सड़क बनाकर फोरलेन से जोड़ने की योजना बनाई गई थी, लेकिन सात भूमि स्वामियों की जमीन अधिग्रहण में अड़चन आने से योजना ठंडे बस्ते में चली गई। इसके बाद 250 मीटर की वैकल्पिक सड़क बनाने का निर्णय लिया गया था, जो अब तकनीकी मंजूरी के अभाव में अटक गई है।
खरीफ सीजन शुरू होने के साथ मंडी में उपज की आवक बढ़ने लगी है। ऐसे में मंडी में आने-जाने का एक ही रास्ता होने से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों की भीड़ से फिर जाम की स्थिति बनने लगी है। लोगों को उम्मीद है कि एप्रोच रोड की मंजूरी जल्द मिले, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सके।
