
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत राजीवगांधी नगर में रविवार रात लगभग 11 बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल ईश्वर प्रसाद की तलवार, डंडे, पाईप से वार कर हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक देव वंशकार 16 वर्ष निवासी गली नम्बर 5 राजीवगांधी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रविवार रात में गली नम्बर 5 में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन करने हनुमानताल ले जा रहे थे, जिसमें उसके पिता ईश्वर प्रसाद वंशकार 39 वर्ष एवं मोहल्ले के अन्य समिति के सदस्य मौजूद थे, रात लगभग 11 बजे प्रतिमा शिब्बू सेठ के टॅाल के सामने पहुंची थी तभी गली में ही फुलवर भट्ट, अरूण भट्ट, अरूण जैन, राज भट्ट एवं शिवम चक्रवर्ती खड़े थे जो पिता पर तलवार, पाईप एवं हाथ मुक्कों से हमला करने लगे, पिता गिर गए थे। पिता ईश्वर वंशकार को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर गये जहां डाक्टर ने चैक कर मृत घोषित कर दिया था।
मामले में पुलिस ने शुभम उर्फ शिवम चक्रवर्ती पिता मुकेश चक्रवर्ती (21) निवासी गली नम्बर 4 राजीवगांधी नगर थाना माढोताल, राज भट्ट पिता फुलवर भट्ट (19) निवासी गली नम्बर 01 राजीव गांधी नगर थाना माढोताल, अरूण भट्ट पिता स्व कैलाश भट्ट (20) निवासी गली नम्बर 2 राजीवगांधी नगर थाना माढोताल, अरूण चढार उर्फ जैन पिता दिलीप चढार (20) निवासी गली नम्बर 02 राजीव गांधी नगर थाना माढोताल को गिरफ्तार किया है।
