नयी दिल्ली, 17 जनवरी (वार्ता) निर्देशक विशाल भारद्वाज की आगामी फिल्म ‘ओ रोमियो’ का गाना ‘हम तो तेरे ही लिये थे’ शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया।
यह गीत फिल्म की कहानी की मार्मिक झलक पेश करता है। फिल्म में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी और फरीदा जलाल सहित कई प्रमुख कलाकार हैं। ‘ओ रोमियो’ फिल्म के सख्त और स्याह परिवेश के बीच, यह गीत एक मार्मिक भावनात्मक विरोधाभास के रूप में उभरता है, जहां नर्म अहसास तल्ख हकीकत से टकराते हैं।
विशाल भारद्वाज के ट्रैक में उनका विशिष्ट हस्ताक्षर गहराई और मधुरता है, जबकि गुलजार के प्रभावशाली शब्द कालातीत काव्यात्मक उत्कृष्टता की परत जोड़ते हैं। अरिजीत सिंह की आत्मीय आवाज में गाया गया ‘हम तो तेरे ही लिये थे’ एक स्थायी असर छोड़ता है तथा प्रेम की याद और विरह के दर्द को शिद्दत से व्यक्त करता है। नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट’ के बैनर तले बनी इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला ने प्रस्तुत किया गया है और यह आगामी 13 फरवरी को वैलेंटाइन सप्ताह के दौरान प्रदर्शित होने वाली है।

