तारौबा, 27 जुलाई (वार्ता) पाकिस्तान ने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन वेस्टइंडीज को 311 रन पर समेटने के बाद स्टंप्स के समय तक इमाम-उल-हक और शान मसूद के अर्धशतकों की मदद से तीन विकेट पर 199 रन बना लिये है। पाकिस्तान अभी भी वेस्टइंडीज के पहली पारी में बनाये गये स्कोर 112 रन पीछे है। ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 194 रन से आगे खेलना शुरु किया। लेकिन कावेम हॉज अपने कल के स्कोर में मात्र एक रन जोड़ पाए और खुर्रम शहजाद ने उन्हें 84 रन पर आउट कर दिया।
हालांकि, होप ने तेजी से खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें मोहम्मद अली के हाथों जल्द ही आउट हो जाना चाहिए था, लेकिन अजान ओवैस ने पहली स्लिप पर उनका कैच छोड़ दिया। होप का एक और शॉट स्लिप कॉर्डन तक पहुंचने से पहले ही गिर गया, लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक के ठीक बाद जस्टिन ग्रीव्स का एज सलमान आगा के पास चला गया और अली को अपना पहला विकेट मिला। पाकिस्तान ने दूसरी नई गेंद लेने से पहले 21 गेंदों का इंतजार किया और विकेटकीपर को भी स्टंप्स के पास बुलाया।
होप ने शहजाद की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन मोहम्मद अब्बास ने कप्तान रोस्टन चेज को विकेट के पीछे कैच आउट करवा दिया। शहजाद ने कुछ शांत ओवरों के बाद केमार रोच को आउट किया, जिसके बाद शमर जोसेफ़ ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए एक छक्का और चार चौके लगाए और लंच तक वेस्ट इंडीज़ को 300 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन लंच के बाद अली ने मोर्चा संभाला और दूसरे सेशन की दूसरी ही गेंद पर शॉर्ट बॉल से जोसेफ को आउट कर दिया। जल्द ही उन्होंने होप को 92 रन पर पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके दो गेंद बाद 99वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अली ने जेडन सील्स को बोल्ड कर वेस्टंडीज की पारी का 311 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी साथ अली ने चार विकेट अपने नाम किए।
मेजबान टीम के लिए रोच ने शुरुआती सफलता दिलाई और ओवैस बिना खाता खोले बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। लेकिन फिर इमाम और मसूद ने मिलकर पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इमाम शुरू से ही अच्छी लय में दिखे और पहला विकेट गिरने के बाद उन्होंने कुछ शुरुआती चौके लगाए। मसूद को शुरुआत में थोड़ी घबराहट हुई, जिसमें कुछ किस्मत से मिले चौके और एक मुश्किल कैच छूटने का मौका शामिल था, लेकिन पाकिस्तान का इरादा स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाते रहने का साफ़ था और वे नौवें ओवर में ही 50 रन तक पहुँच गए। बाउंड्री लगती रहीं और मसूद ने अपनी पारी को सहजता से आगे बढ़ाया, तेजी से खेलते हुए 46 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद एक और किस्मत के सहारे लगी बाउंड्री आई, लेकिन किस्मत उन पर मेहरबान रही और दोनों बल्लेबाजों ने पाकिस्तान को चायकाल तक पहुंचाया।
जोमेल वारिकन वेस्टइंडीज को जरूरी कंट्रोल नहीं दिला पाए क्योंकि दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज उनके सामने आसानी से खेल रहे थे। इमाम ने रोच की गेंद पर ज़बरदस्त ड्राइव लगाकर अपना 11वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। लेकिन जोसेफ ने 155 रन की इस साझेदारी को तोड़ दिया; इमाम ने एक आक्रामक ड्राइव खेलने का प्रयास किया और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सेकंड स्लिप में चली गई। इससे जोसेफ को कुछ राहत मिली, क्योंकि इससे पहले के स्पेल में वे कुछ बार नो-बॉल (ओवरस्टेप) कर चुके थे।
कप्तान बाबर आजम ने शुरुआत में कुछ बाउंड्री लगाकर पॉज़िटिव खेल दिखाया, लेकिन सील्स की गेंद पर वे मुश्किल में पड़ गए और 23 रन पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। मसूद ने आखिरी सत्र में अपनी गति धीमी कर ली थी लेकिन वे बेहतद स्थिर रहे और दिन का खेल खत्म होने तक 88 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ सलमान क्रीज पर थे, जिन्होंने नौ गेंदों का सामना करने के बाद भी अपना खाता नहीं खोला था, क्योंकि आखिरी आधे घंटे में रोशनी कम होने का असर दिखने लगा था। हालांकि, दिन पाकिस्तान के नाम रहा, जो अब वेस्टइंडीज के पहली पारी के स्कोर से 112 रन पीछे है। स्टंप्स के समय शान मसूद (नाबाद 88) और आगा सलामान बिना खाता खेले क्रीज पर मौजूद है।

