
सीधी। अवैध अतिक्रमण की रामपुर तहसीलदार से जांच वापस ले ली गई है। मामला भरतपुर में अवैध निर्माण की जांच में तहसीलदार पर लगे गंभीर आरोप का है। एसडीएम चुरहट ने शिकायत पर तहसीलदार चुरहट को जांच सौंपी है।
जिले के तहसील रामपुर नैकिन के तहसीलदार का दबंगई का वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम चुरहट विकास आनंद ने तहसीलदार रामपुर नैकिन अशीष मिश्रा से अवैध अतिक्रमण के मामले की जांच वापस लेकर तहसीलदार चुरहट को सौंप दी है। ग्राम पंचायत भरतपुर परिसर पर अवैध अतिक्रमण एवं संतोष पाण्डेय की भूमि पर अवैध अतिक्रमणकर्ता विश्वनाथ साहू पिता जमुना साहू निवासी भरतपुर के मामले में तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा के पक्षपात पूर्ण रवैये का वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम चुरहट विकास आनंद ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उक्त प्रकरण की जांच रामपुर नैकिन तहसीलदार से वापस लेते हुए उक्त पूरे प्रकरण की जांच तहसीलदार चुरहट को सौंप दी है ताकि सही तरीके से अवैध अतिक्रमण की जांच हो सके। बताया गया है कि अतिक्रमणकर्ता विश्वनाथ साहू अपने मकान के सामने ग्राम पंचायत भरतपुर के पंचायत भवन की शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है और अपने मकान के पीछे संतोष पाण्डेय निवासी भरतपुर की भूमि पर अवैध अतिक्रमण का प्रयास कर रहा है। जिस पर तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा ने स्वयं अवैध निर्माण कार्य पर रोंक लगाते हुए स्थगन जारी किये थे। बाद में राजनीतिक दबाव के चलते अवैध अतिक्रमणकर्ता की मदद करने का प्रयास करने लगे। उधर फरियादी संतोष पाण्डेय का कहना है कि विश्वनाथ साहू की जितनी भूमि खसरे में है तहसीलदार उसे नाप कर दे दें, मुझे कोई आपत्ति नहीं है किन्तु जो भूमि ज्यादा है उससे अवैध अतिक्रमण हटाया जाए। शासकीय भूमि पर विश्वनाथ साहू के द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटाने का आदेश भी तत्कालीन एसडीएम चुरहट द्वारा तहसीलदार रामपुर नैकिन को किये जाने के बाद भी शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया जो विवाद का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। सत्ता पक्ष के कुछ छुटभैया नेताओं के इशारे पर शासकीय भूमि पर से अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। एसडीएम चुरहट विकास आनंद के उक्त निर्णय के बाद आम जनता को सही न्याय की उम्मीद जागी है।
००
इनका कहना है
फरियादी संतोष पाण्डेय के आवेदन पर उक्त प्रकरण की जांच तहसीलदार रामपुर नैकिन से वापस लेकर तहसीलदार चुरहट को सौंप दी गई है ताकि सही तरीके से मामले की जांच हो सकें।
विकास आनंद, एसडीएम चुरहट
तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा के पक्षपात पूर्ण रवैये से मैं संतुष्ट नहीं था। इस कारण एसडीएम चुरहट को आवेदन देकर उक्त मामले की जांच किसी अन्य सक्षम अधिकारी से कराने का निवेदन किया था। जिस पर एसडीएम चुरहट ने तहसीलदार रामपुर नैकिन से जांच हटा कर चुरहट तहसीलदार को सौंप दी है।
संतोष पाण्डेय, निवासी भरतपुर
०००००००००
