मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज में माजिद मगरे संभालेंगे भारतीय टीम की कमान

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) ने इंग्लैंड में 5 से 19 अगस्त तक आयोजित होने वाली मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।जम्मू-कश्मीर के माजिद एएच मगरे को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि साई आकाश सैवामणि उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। भारत सात मैचों की आईटी20 सीरीज का आगाज 5 और 7 अगस्त को आवरकूप काउंटी ग्राउंड, डर्बी में खेले जाने वाले पहले दो मुकाबलों से करेगा। इसके बाद तीसरा मैच 9 अगस्त को अप्टनस्टील ग्रेस रोड, लीसेस्टर में, चौथा मुकाबला 12 अगस्त को काउंटी ग्राउंड, पांचवां और छठा मुकाबला 15 और 16 अगस्त को अरुंडेल में खेले जाएंगे, जबकि अंतिम और सातवां मुकाबला 19 अगस्त को क्रिकेट के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। सभी मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगे।

इस बारे में डीसीसीआई के सचिव रवि कांत चौहान ने कहा, “माजिद मगरे की कप्तान के रूप में नियुक्ति केवल जम्मू-कश्मीर ही नहीं, बल्कि पूरे दिव्यांग क्रिकेट समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। उनका नेतृत्व क्षेत्र के कई युवा दिव्यांग क्रिकेटरों को इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।” डीसीसीआई के उपाध्यक्ष सुमित जैन ने कहा, “मैं पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को सफल इंग्लैंड दौरे के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्वास है कि उनका प्रदर्शन देशभर के कई उभरते दिव्यांग क्रिकेटरों को प्रेरित करेगा।” इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम नई दिल्ली के द्वारका स्थित छावला में आयोजित तैयारी शिविर में हिस्सा ले रही है, जहां खिलाड़ी आगामी सीरीज के लिए कड़ी तैयारी कर रहे हैं।

टीम : जयेश परमार, तरुण, रिजवान अल्ताफ भट, अर्जुन राजेश गावरे, कुलदीप सिंह, यशवंत नायडू रवुरी, विवेक कुमार, सुदर्शन एलंगोवन, हिलाल अहमद वानी, साई आकाश सैवामणि (उपकप्तान), रवींद्र गोपीनाथ सांते, योगेंद्र सिंह, वृषांत संदीप गुंजाल, राजेश इरप्पा कन्नूर, माजिद एएच मगरे (कप्तान) और शिव शंकरा गुंटिगानापाली सुब्बारायप्पा। सहयोगी स्टाफ: भारतीय टीम के सहयोगी स्टाफ की अगुवाई पूर्व राजस्थान रणजी कप्तान रोहित झलानी मुख्य कोच के रूप में करेंगे। उनके साथ देव दत्त कोच की भूमिका निभाएंगे, जबकि रोहित शर्मा फील्डिंग कोच होंगे। रामस्वरूप सैनी स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच तथा मयंक पुष्कर फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम के साथ रहेंगे, ताकि पूरे दौरे के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस और शारीरिक स्थिति सर्वोत्तम बनी रहे।

.....

Next Post

वन विहार में बाघ सप्ताह के तहत पाम पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित

Mon Jul 27 , 2026
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के उपलक्ष्य में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित किए जा रहे बाघ सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को मध्यप्रदेश में बाघ विषय पर पाम पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में बाघ संरक्षण तथा वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। […]

You May Like