
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के उपलक्ष्य में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित किए जा रहे बाघ सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को मध्यप्रदेश में बाघ विषय पर पाम पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में बाघ संरक्षण तथा वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
वन विहार के संचालक विजय कुमार के निर्देशन में विहार वीथिका में आयोजित प्रतियोगिता में सेंट जॉर्ज स्कूल, जवाहर लाल स्कूल और गुरुनानक पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 से 12 तक के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से बाघ संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों के साथ चार सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को सहायक संचालक डॉ. रूही हक ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर वन विहार के अधिकारी, कर्मचारी तथा शिक्षक भी उपस्थित रहे।
वन विहार में 22 से 28 जुलाई तक बाघ सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समापन दिवस 28 जुलाई को सुबह 7 से 9 बजे तक वन विहार परिसर में पक्षी अवलोकन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
