भोपाल। रिमझिम बारिश… और भोपाल की सड़कों पर बढ़ती रौनक। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बारिश शुरू होते ही भोपाल के लोग सबसे पहले किस चीज़ का स्वाद लेना पसंद करते हैं? क्या उनकी पहली पसंद गरमा-गरम चाय है, मसालेदार भुट्टा, समोसे या फिर भजिए? हमारी इस खास ग्राउंड रिपोर्ट में जानिए भोपाल के लोगों की मानसून फूड चॉइस और आखिर क्यों बारिश का मौसम स्ट्रीट फूड कारोबारियों के लिए सबसे खास माना जाता है।
VIP रोड, बोट क्लब, शाहपुरा लेक, एमपी नगर और न्यू मार्केट जैसे इलाकों में इन दिनों स्ट्रीट फूड की दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि बारिश के मौसम में चाय, समोसे, कचौरी, भजिए और भुट्टे की मांग सबसे ज्यादा बढ़ जाती है। हालांकि लगातार तेज बारिश होने पर कारोबार पर असर भी पड़ता है।
वहीं, जब हमने भोपाल के लोगों से बात की तो ज्यादातर लोगों ने बताया कि बारिश का असली मजा दोस्तों और परिवार के साथ चाय की चुस्की, गरमा-गरम समोसे, भजिए और मसालेदार भुट्टा खाने में है। यही वजह है कि हर मानसून में शहर के स्ट्रीट फूड कॉर्नर लोगों से गुलजार नजर आते हैं।
