
जबलपुर। रेल संचालन में सर्वोच्च सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (संरक्षा) हितेंद्र मल्होत्रा ने सोमवार को कार्यकारी निदेशक संरक्षा (सिविल) राहुल श्रीवास्तव एवं पश्चिम मध्य रेल के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी के साथ जबलपुर रेल मंडल का उच्चस्तरीय संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अमित कुमार साहनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाना था। निरीक्षण दल ने क्रू लॉबी में लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर की कार्य परिस्थितियों तथा अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर जांच का अवलोकन किया। इसके अलावा आरआरआई (रूट रिले इंटरलॉकिंग) में सिग्नलिंग एवं संरक्षा प्रणालियों, कोचिंग डिपो में कोचों के तकनीकी रखरखाव, स्वच्छता और ब्रेक सिस्टम तथा पीडब्ल्यूआई डिपो में ट्रैक रखरखाव के लिए उपलब्ध उपकरणों एवं संसाधनों की गहन समीक्षा की। अधिकारियों ने जबलपुर यार्ड का भी निरीक्षण कर शंटिंग प्रक्रिया और पटरियों की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
जारी किए गए दिशा निर्देश
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संरक्षा कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए संरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे उच्चस्तरीय निरीक्षण किए जाते हैं।
