अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामला: कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन

लखनऊ, 4 जुलाई (वार्ता) अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।

पार्टी की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि कांग्रेस ने सात जुलाई को प्रदेश के सभी जिलों में ‘चढ़ावा चोरों से मुक्ति’ के लिए ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकालने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला एवं शहर इकाइयों को परिपत्र जारी कर आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और चढ़ावे के दुरुपयोग की खबरों से करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। पार्टी ने इसे अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

कांग्रेस ने इस प्रकरण में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, पूरे मामले की जांच माननीय उच्च न्यायालय के किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए। दूसरी, वर्तमान ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए। तीसरी, मंदिर के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों तथा श्रीराम मंदिर के सम्मानित महंतों को सौंपी जाए।

पार्टी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 7 जुलाई को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त तत्वावधान में सभी जनपदों में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा का समापन किसी प्रमुख धार्मिक स्थल पर होगा, जहां कार्यकर्ता प्रार्थना एवं संकल्प कार्यक्रम भी आयोजित करेंगे।

कांग्रेस ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके मंदिर से जुड़े किसी भी प्रकार के कथित भ्रष्टाचार या वित्तीय अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। पार्टी ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

 

Next Post

पाकिस्तान की बर्बर कार्रवाई के विरोध में पीओके के नेताओं का पांच जुलाई को पूर्ण बंद का आह्वान

Sat Jul 4 , 2026
मुजफ्फराबाद, 04 जुलाई (वार्ता) पाकिस्तानी अधिकारियों की बर्बर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने पांच जुलाई को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में पूर्ण बंद का आह्वान किया है। बढ़ते तनाव के बीच पीओके नेताओं ने स्थानीय निवासियों से इस दमन और मानवाधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ प्रदर्शनों में […]

You May Like