शाजापुर। लालघाटी थाना क्षेत्र के काशी नगर में सोमवार रात एक विवाद सामने आया। वार्ड नंबर 28, दरगह रोड पर किराए के मकान में रह रही एक हिन्दू महिला के यहां मुस्लिम युवक के आने-जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
घटना सोमवार रात 11 से 12 बजे के बीच स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मुगलपुरा निवासी अमन नाम का युवक नियमित रूप से युवती के घर आता-जाता था। स्थानीय लोगों की सूचना पर लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे, कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला और एसडीओपी गोपाल सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय निवासी बालाजी शर्मा ने कहा कि महिला का बिना विवाह के युवक के साथ रहना क्षेत्र का माहौल खराब कर रहा है। वार्ड 28 के निवासियों ने थाने में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक और महिला को थाने लाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के दौरान पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला ने शुरुआत में पुलिस को घर में प्रवेश नहीं करने दिया। महिला पुलिस की अनुपस्थिति के कारण कार्रवाई में देरी हुई। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
