जलसंकट के बीच पानी चोरी: नपा ने भगवानपुरा तालाब से तीन मोटर जब्त कीं

सीहोर: नपा की तमाम सतर्कता के बाद भी शहर की प्यास बुझाने के लिए सुरक्षित पेयजल की चोरी का सिलसिला जारी है. गुरुवार को जहां आष्टा नपा ने पार्वती नदी से पानी चोरी कर रही पांच मोटर जब्त की थी वहीं शुक्रवार को सीहोर नपा के अमले ने भगवानपुरा तालाब से पानी उलीच रही पांच- पांच हार्सपावर की तीन मोटर को जब्त किया है.मानसून में बादलों के दगा दे जाने के कारण अधिकांश तालाब व नदियां खाली पड़े हैं.

आगामी गर्मी के मौसम में पेयजल संकट भीषण रूप धारण न कर सके, इसके लिए नपा द्वारा जमोनिया व भगवानपुरा तालाब के अलावा पार्वती नदी पर बने काहिरी बंधान के पानी को पेयजल के लिए आरक्षित कर रखा है. नपा द्वारा पानी की चोरी रोकने के लिए टीमों का गठन भी किया गया है. इसके बाद भी दु:साहसी किसानों द्वारा पेयजल की चोरी कर खेतों में सिंचाई की जा रही है. इस कारण जलस्त्रोंतों का जलस्तर तेजी से घटता जा रहा है. तमाम हिदायतों के बाद भी किसान पानी चुराने से बाज नहीं आ रहे हैं.

वह रात के अंधेरे में तालाब व नदी के किनारों पर शक्तिशाली मोटर रखकर पानी चोरी कर रहे हैं. एक दिन पहले आष्टा नपा के अमले ने पार्वती नदी से पानी चोरी करने वाले पांच किसानों के मोटर पंप जब्त किए थे. इसी क्रम में शुक्रवार को सीहोर नपा के सहायक यंत्री विजय कोली, उपयंत्री वैभव लोवानिया के निर्देशन में नपा के अमले ने जब भगवानपुरा तालाब का निरीक्षण किया तो वह यह देखकर हैरान हो गए कि किसानों ने पांच- पांच हार्सपॉवर की मोटर तालाब के किनारे रखी थी और उनसे पानी खींचकर खेतों तक पहुंचा रहे थे. नपा के अमले ने तीन मोटर जब्त की है. सहायक यंत्री श्री कोली ने बताया कि इन किसानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
नपा का अमला कर रहा सतत निरीक्षण
भगवानपुरा, जमोनिया जलाशय और पार्वती नदी के काहिरी बंधान से पानी लेने पर प्रतिबंध लगाया है. पानी चोरी को रोकने के लिए नपा की गठित टीम सतत भ्रमण कर रही है. शुक्रवार को भी भगवानपुरा तालाब से पानी चोरी कर रहे तीन किसानों के मोटर पंप जब्त किए गए हैं. इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
सुधीर कुमार ,
मुख्य नपाधिकारी सीहोर

Next Post

बालिकाओं की सुरक्षा पर पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को दिए महत्वपूर्ण सुरक्षा सूत्र

Sat Nov 22 , 2025
इंदौर: नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा, अपहरण की रोकथाम और जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ पुलिस ने शहर में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया. इंटरएक्टिव सेशन के जरिए छात्र-छात्राओं को व्यवहारिक उदाहरणों के साथ आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई.पुलिस कमिशनरेट ने बालिकाओं की सुरक्षा […]

You May Like