
देवास। शंकरगढ़ बायपास चौराहे पर गुरुवार शाम हुए हादसे ने एक बार फिर यहां सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल खड़े कर दिए। शाम करीब 6.15 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी पर जा रहे नागदा निवासी मुकेश चौधरी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी महेश परमार ने बताया कि मुकेश स्कूटी से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मुकेश सड़क पर कई फीट दूर जा गिरा हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए करीब 20 मिनट तक चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण बायपास पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने बताया कि चौराहे पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने और अंधेरा रहने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन टोल प्रबंधन और जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
वार्ड 44 के पार्षद प्रतिनिधि मौसम पटेल ने मौके पर पहुँचकर लोगों को समझाइश दी। उन्होंने बताया कि चौराहे पर स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लगाने की मांग पहले भी की जा चुकी है। इस संबंध में टोल प्रबंधन और MPRDC को पत्र भी भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही लाइट लगवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और समझाइश देकर जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रकाश व्यवस्था नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
